
देहरादून(आरएनएस)। जिला गंगा संरक्षण समिति की मासिक बैठक में नमामि गंगे योजना में करोड़ों रुपए के बजट खर्च किए जाने के बाद भी गंगा में बढ़ती गंदगी पर रोष जताया गया। कहा कि गंगा की सहायक नदी नालों में बड़ी मात्रा में कूड़ा बहाया जा रहा है जो गंगा में पहुंच रहा है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के नामित सदस्य पर्यावरणविद् डॉ विनोद प्रसाद जुगलान ने कहा कि नमामि गंगे योजना में करोड़ों रुपए के बजट खर्च किए हैं लेकिन गंगा की सहायक नदी नालों से होते हुए बड़ी मात्रा में कूड़ा गंगा में बहाया जा रहा है। इससे गंगा के प्रति आस्था रखने वाले करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंच रही है। इसके लिए ठोस कार्य योजना की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए जिला पंचायत अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए जाएं। कहा कि ग्राम सभा खदरी खड़क माफ में सौंग नदी की बाढ़ से हर वर्ष होने वाले नुकसान को रोकने के लिए भी रिवर ड्रेसिंग और रिवर चैनेलाइजेशन का कार्य किया जाना आवश्यक है। समिति ने समस्याओं के निस्तारण के लिए संबन्धित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में समुचित कूड़ा प्रबंधन के लिए जिला पंचायत अधिकारी को पंचायत क्षेत्र में नियम संचालन के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता दीक्षांत गुप्ता ने बताया कि खदरी खड़क माफ में बाढ़ सुरक्षा की कार्य योजना गतिमान है। रिवर चैनेलाइजेशन का कार्य अप्रैल माह में शुरू होकर मई के अंत तक पूर्ण हो जाएगा। गंगा में मलजल मिलने की शिकायत पर पेयजल निगम ऋषिकेश अनुरक्षण एवं निर्माण इकाई गंगा के परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि जिन स्थानों पर ओवर फ्लो की समस्या पाई गई है उन्हें शीघ्र ही जलोत्सारण के लिए नई पाइप लाइनों से जोड़ा जाएगा। इससे पूर्व विगत बैठक के कार्यों की कार्यवाही की पुष्टि की गई।बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी अभिषेक मैठाणी,नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी रवि कांत पाण्डेय,लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता भृगु नाथ द्विवेदी, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अधिकारी एस एस चौहान, नगर निगम ऋषिकेश के एस आई संतोष गुसाईं, नगर निगम देहरादून की एमआई विशेषज्ञ पल्लवी पाण्डेय,सचिन रावत,गुरमीत सिंह, प्रतिभा सरण,पूजा शर्मा आदि उपस्थित रहे।


