

अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चला रहे एक नाबालिग को पकड़ा। पुलिस ने मोटरसाइकिल सीज कर वाहन स्वामी के खिलाफ 25 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लापरवाह वाहन चालकों, रैश ड्राइविंग करने वालों और नाबालिगों को वाहन देने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली अल्मोड़ा के प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी धारानौला आनन्द बल्लभ कश्मीरा ने क्षेत्र में वाहन चेकिंग की। इस दौरान एक नाबालिग बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाता हुआ मिला। पुलिस ने नाबालिग के पिता को मौके पर बुलाया और उसे वाहन न देने तथा यातायात नियमों का पालन कराने के संबंध में काउंसलिंग कर सख्त हिदायत दी। इसके बाद नाबालिग को सकुशल अभिभावक के सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित मोटरसाइकिल को सीज करते हुए वाहन स्वामी के विरुद्ध 25 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया गया।
