
अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र में नाबालिग को बाइक चलाने देना वाहन स्वामी को महंगा पड़ गया। पुलिस ने वाहन को सीज करते हुए स्वामी के खिलाफ 25 हजार रुपये का चालान किया है। यह कार्रवाई बुधवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली द्वाराहाट पुलिस यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर नजर रखे हुए है। बुधवार को प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी एक नाबालिग को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर नाबालिग के अभिभावक को बुलाकर काउंसलिंग की और सख्त हिदायत दी। इसके बाद नाबालिग को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही वाहन को सीज करते हुए वाहन स्वामी के खिलाफ 25 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया गया।

