
रुद्रपुर(आरएनएस)। विधायक शिव अरोरा ने ट्रांजिट कैंप से नाबालिग को ले जाने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि आरोपी किशोरी को लेकर गुड़गांव गया था और अब वहां से भी भाग गया। वहीं नाबालिग के परिवार को धमका रहा है। शुक्रवार को विधायक शिव अरोरा समर्थकों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे और एसपी क्राइम निहारिका तोमर से मुलाकात की। विधायक ने कहा कि कुछ समय पहले ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से मूल रूप से बिहार निवासी अशरफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया। उन्होंने यह मामला तब भी उठाया था उनके द्वारा यह लेकिन अब तक आरोपी युवक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं किशोरी की बरामदगी भी नहीं हुई है। विधायक ने कहा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी किशोरी को लेकर गुड़गांव से भी फरार हो गया है। वहीं बार-बार पीड़ित परिवार को धमका रहा है। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग की बरामदगी की जाएगी।

