
चमोली(आरएनएस)। क्षेत्र के लिए पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मोहनखाल-चोपता-तुंगनाथ सड़क निर्माण की मांग के लिए सड़क संघर्ष समिति ने मोहनखाल में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। शनिवार 15 अगस्त को शुरू हुआ धरना रविवार को भी जारी रहा। वहीं बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला और यूकेडी नेता डॉ. आशुतोष भंडारी ने भी धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। 22 किमी लंबी इस सड़क की निर्माण लोग दशकों से कर रहे हैं। दो साल पहले छह अक्तूबर 2024 को मुख्यमंत्री ने अगस्त्यमुनि में इस सड़क की घोषणा की थी लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। वर्ष 2024 में सड़क की मांग के लिए मोहनखाल में प्रदर्शन किया था। राज्य सभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया गया लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है। बताया कि 22 किमी लंबी इस सड़क का 13 किमी हिस्सा कई साल पहले बन चुका है मगर शेष कार्य नहीं हो पाया है। यदि यह सड़क बन जाती है तो पोखरी क्षेत्र सीधे चोपता-तुंगनाथ से जुड़ जाएगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी व मोहनखाल व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट ने कहा कि यदि जल्द सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता है तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि सड़क की मांग पर लोगों को आश्वासन मिलते रहे हैं लेकिन धरातल पर काम नहीं हुआ है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, ज्येष्ठ उपप्रमुख ऊषा कंडारी, युद्धवीर नेगी, दमयंती चौधरी, गिरीश नेगी, दीपक सिंह, सुनील सिंह, पुष्कर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

