
रुद्रपुर(आरएनएस)। ग्राम मोहम्मदपुर भुड़िया में एक युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। मंगलवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक बेहोशी की अवस्था में बगिया में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक मृत अवस्था में मिला। युवक की शिनाख्त मोहम्मदपुर भुडिया निवासी 35 वर्षीय अनिल कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र हरिनारायण के रूप में हुई। युवक दिन में घर से निकला था। काफी देर तक घर नहीं आने पर खोजबीन शुरू की गई। सूचना सत्रहमील पुलिस चौकी इंचार्ज ललित बिष्ट को दी गई। काफी खोजबीन पर अनिल का शव आम की बगिया में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। ग्रामीणों का कहना है जिस जगह पर युवक का शव मिला, वहां पर बिजली के तार नहीं हैं। संभावना जताई जा रही है कि युवक को किसी दूसरी जगह से उठाकर यहां डाला गया होगा।

