
अल्मोड़ा। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से जिले के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया। शनिवार को कोसी, ताड़ीखेत और देवलिखेत क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान दवा दुकानों की व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान ड्रग लाइसेंस की वैधता, दवाओं का स्टॉक और बिक्री-खरीद के अभिलेखों का सत्यापन किया गया। साथ ही यह भी देखा गया कि दवाओं की बिक्री पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी में और चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही हो रही है या नहीं।
इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और उनकी रिकॉर्डिंग की भी जांच की गई। निरीक्षण में कुछ मेडिकल प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर पांच प्रतिष्ठानों को सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान तीन दवाओं के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विभाग की ओर से ऐसी निरीक्षण कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

