

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (राजकीय मेडिकल कॉलेज), अल्मोड़ा में गुरुवार को ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ संकल्प के तहत उपचार प्राप्त कर रहे छह नए टीबी मरीजों को निःशुल्क पोषक आहार किट वितरित की गई। यह पहल उत्तराखंड शतरुद्र ट्रस्ट, देहरादून के सौजन्य से की गई। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि टीबी से पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के लिए नियमित दवाइयों के सेवन के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार भी आवश्यक है। पर्याप्त पोषण से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने में मदद मिलती है। इसी उद्देश्य से ट्रस्ट की ओर से मरीजों को आवश्यक पोषण सामग्री की किट उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल, टीबी एवं श्वास रोग विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र पुनेरा, डॉ. बरनाली मंडल, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, बाल रोग विभाग के डॉ. अमित कुमार सिंह, टीबी हेल्थ विजिटर आचार्य नागेन्द्र प्रसाद जोशी और मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा मौजूद रहे। चिकित्सकों और अधिकारियों ने शतरुद्र ट्रस्ट के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।





