
देहरादून। राजपुर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में चार छात्रों समेत छह युवाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली के सिद्धू गैंग के लिए नशे की तस्करी करते थे। सभी के खिलाफ राजपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी शेयर सुयाल ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट मंगलवार रात थाना पुलिस और एएनटीएफ टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पहली कार्रवाई में ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाह रिजॉर्ट के नीचे पुल के पास सीएसआई रोड से सफेद इग्निस कार सवार चार आरोपियों को 27.12 ग्राम एमडीएमए के साथ पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई में सहस्रधारा रोड-हेलीपैड रोड के पास से दो आरोपियों को 17.49 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में तीन दून के संस्थानों और एक जयपुर के संस्थान में पढ़ने वाला छात्र है। आरोपियों की पहचान अभिषेक थापा, वैभव ममगांई, श्रीकांत ममगांई, वेदांत चौहान, रचित शर्मा और चिराग रस्तोगी के रूप में हुई है। इनमें अभिषेक होटल मैनेजमेंट, वैभव बीएससी एग्रीकल्चर, श्रीकांत बीबीए और वेदांत होटल मैनेजमेंट का छात्र है। रचित 12वीं पास है, जबकि चिराग के परिवार की तपोवन रोड पर ज्वेलरी की दुकान है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के गैंग के पैडलर हैं। आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए नशा तस्करी में शामिल हुए। सिद्धू या उसके एजेंट दून में उन्हें ड्रग उपलब्ध कराते थे। कई बार आरोपी खुद पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जाकर ड्रग लाते थे और कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों को नशे की सामग्री उपलब्ध कराने वाले भव्य करासी की तलाश भी शुरू कर दी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने 2500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं क्षेत्र के कुछ लोगों ने राजपुर थाने पहुंचकर पुलिस टीम को प्रशंसा पत्र सौंपा।
