
अल्मोड़ा। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें जनपद में अपराधों की स्थिति और पुलिस कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में थानों में दर्ज मामलों, अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत फरार, वांछित और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा गया। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश भी दिए गए। बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखने, ई-बीट बुक नियमित अपडेट करने और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतने को कहा गया। गोष्ठी में सायंकालीन और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, चेकिंग प्वाइंट्स की नियमित निगरानी करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गुमशुदाओं की तलाश, लंबित शिकायतों के निस्तारण और वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। कोतवाली अल्मोड़ा में तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र को मार्च माह का ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ चुना गया, जबकि कुल 30 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

