
काशीपुर। बाइक सवार झपट्टामार बाजार से सामान लेकर वापस जा रही महिला का फोन छीनकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद किया। सैनिक कॉलोनी निवासी कमला मेहरा पत्नी लक्ष्मण सिंह मेहरा एक अन्य महिला के साथ मंगलवार देर शाम बाजार से खरीदारी कर घर वापस जा रही थी। इसी दौरान कायस्थ महासभा के पास एक झपट्टामार ने उनके हाथ से फोन छीन लिया और फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम साहिल हुसैन पुत्र रईस अहमद निवासी कटैया, महुआखेड़ा बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

