
काशीपुर(आरएनएस)। एक महिला किरायेदार ने मकान मालिक पर अश्लील हरकतें, छेड़छाड़ व विरोध करने पर उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पर कुछ दिन पहले सीएससी संचालक ने भी फोटो स्टेट के पैसे न देने और उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। बिजनौर क्षेत्र निवासी एक महिला ने आईटीआई कोतवाली को तहरीर देकर कहा कि उसका पति महुआखेड़ा गंज में एक फैक्ट्री में काम करता है। वह अपने परिवार के साथ पैगा चौकी के एक मकान में किराये पर रह रही है। वह एक फैक्ट्री में दिन की ड्यूटी करती है। महिला ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से उसका मकान मालिक उसे अकेला देख कर बदनीयती से उसके कमरे में घुस कर उसके साथ अश्लील हरकतें तथा छेड़खानी करता है। जिसका विरोध करने पर उसे तथा उसके बच्चों को जान से मारने तथा कमरा खाली कराने की भी धमकियां देता था। बताया कि 13 फरवरी की सुबह वह काम पर चली गई थी। उसका 7 साल का पुत्र घर पर अकेला था। उसका पति जब दोपहर के लगभग 1 बजे घर आया, तो देखा कि मकान मालिक ने उसके बेटे को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। उसका बेटा रो-रो कर बेहोश हो गया था। महिला ने बताया कि जब उसने घर पहुंच कर उसकी पत्नी से इसकी शिकायत की, तो आरोपी उसके पति के सामने ही उससे अभद्रता, गाली गलौज करने लगा। आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 332सी, 351(2), 352, 75 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

