
ऋषिकेश। आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की कृष्णानगर कॉलोनी के पास महिला की गला दबाकर हत्या करने में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हत्या करने के बाद पति ने महिला के शव को जंगल में फेंक दिया था और खुद बलिया, यूपी फरार हो गया। अपनी पहली पत्नी से मिलने ऋषिकेश पहुंचने पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है।
कोतवाली ऋषिकेश में बुधवार को एसपी देहात कमलेश उपाध्याय ने हत्या का खुलासा कर बताया कि 9 दिसंबर 2021 को कृष्णानगर कॉलोनी के पास झाड़ियों में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस को मिला था। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि महिला का नाम आरती भुई है। वह उड़ीसा के कटक की रहने वाली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या गला दबाकर होने की पुष्टि हुई। बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति संजय कुमार भारद्वाज पुत्र राम केशर निवासी बलिया उत्तर प्रदेश हाल निवासी कृष्णानगर कॉलोनी ऋषिकेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में संजय ने अपनी पत्नी की हत्या करने का जुर्म कबूल किया है। एसपी देहात के अनुसार संजय ने आरती से 2016 में लव मैरिज की थी। करीब 5 साल तक हरिद्वार में दोनों ने मिलकर एक फैक्ट्री में नौकरी भी की। इस दौरान दोनों के बीच मनमुटाव होने लगा। इसके बाद संजय ने आरती को उड़ीसा वापस भेजने की कोशिश भी की। मगर आरती अपने मायके जाने को तैयार नहीं हुई। परेशान होकर संजय ने आरती को अपने रास्ते से हटाने का की योजना बनाई। बीती 8 दिसंबर को संजय, आरती को लेकर ऋषिकेश पहुंचा और झाड़ियों में आरती के सिर पर पत्थर मार कर उसे लहूलुहान कर दिया, फिर गला दबाकर आरती की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेजा गया है।


