
देहरादून (आरएनएस)। क्लेमनटाउन क्षेत्र में युवक और युवती के बीच बंद कमरे में हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के कमरे से चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों छात्र क्लेमनटाउन स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में एमसीए की पढ़ाई कर रहे हैं। रायपुर क्षेत्र निवासी छात्रा शनिवार सुबह अपने मित्र उदय सिंह उर्फ विशु (21) निवासी जागृति विहार, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के क्लेमनटाउन स्थित कमरे पर पहुंची थी। वहां किसी निजी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच चाकू चल गया, जिसमें युवक की अंगुली और छात्रा के हाथ तथा गले में चोट आई। मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। क्लेमनटाउन थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओगल भट्टा क्षेत्र में अपने तीन दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहता है। सितंबर 2025 में कॉलेज में ही उसकी मुलाकात छात्रा से हुई थी और तभी से दोनों संपर्क में थे। आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन हाल ही में उसे पता चला कि छात्रा किसी अन्य युवक से भी बात करती है। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों के बीच तीखी बहस हुई और चाकूबाजी की घटना हो गई।
घटना में घायल छात्रा का उपचार अभी अस्पताल में चल रहा है।

