
अल्मोड़ा। महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में विपक्षी दलों द्वारा किए गए मतदान के खिलाफ शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने आधी आबादी को उनके अधिकार से वंचित कर गंभीर गलती की है। रेखा आर्या ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ हुए इस व्यवहार का परिणाम विपक्षी दलों को आगामी चुनावों में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं इस अपमान को याद रखेंगी और चुनाव में विपक्ष को करारा जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में एक तिहाई आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में कई असंभव कार्य भी संभव हुए हैं और महिलाओं को आरक्षण दिलाने का श्रेय भी इसी सरकार को मिलेगा। कार्यक्रम में रघुनाथ सिंह चौहान, महेश नयाल, पूनम पालीवाल, किरन पंत, प्रकाश भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

