
देहरादून(आरएनएस)। दून निवासी एक महिला ऑनलाइन निवेश से आठ सौ रुपये कमाकर 2.13 लाख गंवा बैठी। साइबर ठगों ने उन्हें निवेश से मोटी कमाई का झांसा दिया था। प्रेमनगर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि अंजू निवासी प्रेमनगर ने तहरीर दी कि पांच मार्च को उन्हें दो व्हाट्सएप नंबरों से मैसेज आए थे। मैसेज करने वालों ने खुद के एक कंपनी का कर्मचारी बताया और इन्वेस्टमेंट के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर ग्रुप से जोड़ा गया। इसमें एक महिला ने उन्हें टास्क देकर निवेश के लिए कहा। शुरुआत में उन्हें टास्क दिए और 450 रुपये 150 रुपये की तीन किस्तों में उनके खाते में आए। इसके बाद 2000 हजार का टास्क दिया गया और 2800 रुपये खाते में डाले दिए गए। आठ सौ रुपये अतिरिक्त मिलने पर महिला को कंपनी पर विश्वास हो गया और उन्होंने 213900 रुपये निवेश कर दिए। आरोप है कि इसके बाद टेलीग्राम ग्रुप डिलीट कर दिया और उनकी यूपीआई आईडी को हेक किया गया। इसके बाद जब उन्होंने कंपनी के संबंध में जानकारी जुटाई तो वो फर्जी निकली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

