

नैनीताल(आरएनएस)। बेतालघाट ब्लॉक के अमेल गांव में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीणों का अनशन लगातार सोमवार को भी जारी रहा। उनका कहना है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। प्रमुख मांग बिसगुली माइनर नहर में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की है। नहर में पानी न पहुंचने से किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है और खेती प्रभावित हो रही है।ग्रामीण ग्राम पंचायत अमेल में पेयजल योजना का निर्माण कराने और ग्रामीणों और ग्राम पंचायत की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से संबंधित विभागों और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देने को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों का अनशन स्थल पर पहुंचना जारी है। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि तीनों मांगों पर ठोस निर्णय और धरातल पर कार्रवाई शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी। इस दौरान दलीप सिंह, शिव सिंह रवाल, हरीश कश्मीरा, हेमंत बेलवाल, सुरेंद्र हालसी, नंदन सिंह हालसी, पूर्व प्रधान नवीन पंत, भारत आर्य आदि रहे।



