
रुद्रपुर(आरएनएस)। लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में है। विभागीय अधिकारी लगातार कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को खटीमा में चार कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी स्थानों पर कुछ न कुछ कमियां मिलने पर विभाग ने संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए हैं। खटीमा फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी लक्ष्मण सिंह नेगी ने शनिवार को आदर्श कॉलोनी स्थित टेस्ला क्लासेज, डिग्री कॉलेज रोड स्थित देहली क्लासेज, ब्राइट क्लासेज एंड लाइब्रेरी और लक्ष्य कॅरियर सेंटर का निरीक्षण किया।इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, बिजली वायरिंग की स्थिति, अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन, फायर अलार्म सिस्टम और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण में सभी संस्थानों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। इस पर अग्निशमन विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही संचालकों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और प्राथमिक कार्रवाई की जानकारी भी दी।
