
देहरादून(आरएनएस)। केवि आइटीबीपी में आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन की 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के आखिरी दिन विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समापन समारोह में विद्यालय की उप-प्राचार्य पायल लाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना बनाए रखते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। बैडमिंटन के अंडर-14 वर्ग में केवि बागेश्वर के कार्तिकेय पहले, केवि एफआरआइ के तन्मय दूसरे और केवि-2 हाथीबड़कला के कुशल तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग में केवि-1 के आदित्य चमोली ने पहला, केवि रानीखेत के ईशान भाटिया ने दूसरा और केवि लोहाघाट के रियांशु सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 वर्ग में केवि ओएनजीसी के अमित ने पहला स्थान हासिल किया, केवि आइटीबीपी के सूरज दूसरे और यश तीसरे स्थान पर रहे। टेबल टेनिस के अंडर-14 वर्ग में केवि आइटीबीपी जोशीमठ के शार्दूल विजेता बने। इसी विद्यालय के तनुश्य रावत दूसरे और केवि आइटीबीपी मिर्थी के प्रियांशु तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग में केवि हल्द्वानी सेक्टर-2 के आयुष अधिकारी और अंडर-19 वर्ग में हल्द्वानी सेक्टर-1 के खुशिल नाथ ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। शूटिंग की 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-14 स्पर्धा में केवि-1 रुड़की के कुंवर राम सिंह पहले और केवि आइएमए के सक्षम करनवाल दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग में केवि ओएनजीसी के आरव ने पहला, केवि आइटीबीपी सेक्टर-1 के शौर्य यादव ने दूसरा और हर्षल शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 एयर पिस्टल में केवि-1 रुड़की के अंशुल व पीप साइट एयर राइफल में केवि ओएनजीसी की संपूर्णा अपने-अपने वर्ग की विजेता रहीं। अंत में सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
