
काशीपुर(आरएनएस)। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने शुक्रवार रात काशीपुर का दौरा किया। उन्होंने बाजपुर रोड स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कार्यालय का निरीक्षण किया। बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक ने हाईडिल विभाग के अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही भ्रांतियों और चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि आम उपभोक्ताओं को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सके। सुरक्षा के दृष्टिकोण से रिहायशी इलाकों में खुले तारों को आर्मर्ड केबल में बदलने, बिजली की लाइनों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) करने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। यहां कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी, परियोजना मुख्य अभियंता आरएस गुंज्याल, अधीक्षण अभियंता अर्जुन प्रताप सिंह, रवि रजौरा, शिशिर श्रीवास्तव, रघुराज, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार यादव, विवेक कांडपाल, विनीत सक्सेना, मोहम्मद अफजाल, भास्कर पांडे, दीप दयाल, एसके गुप्ता रहे।
