

रुद्रपुर(आरएनएस)। ग्राम डोहरा में खेतों में सर्वे करने गईं उद्यान विभाग की दो महिला पर्यवेक्षकों को पांच युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ अभद्रता करते हुए मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उद्यान विभाग की एक महिला पर्यवेक्षक ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर वह अपनी महिला सहकर्मी के साथ स्कूटी से ग्राम डोहरा के धान के खेत में सर्वे करने गई थी।दोनों मोबाइल पर सर्वे का विवरण अपलोड कर रही थीं। इसी दौरान चार युवक खेत में पहुंचे। आरोप है कि सभी नशे में थे और दोनों महिलाओं से अभद्रता करते हुए उनका मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे। दोनों ने उन्हें अपने काम और सरकारी आदेश की जानकारी दी, लेकिन आरोपी नहीं माने। महिलाएं किसी तरह खेत से निकलकर सड़क पर खड़ी अपनी स्कूटी के पास पहुंचीं। वहां एक युवक पहले से मौजूद था। दोनों ने स्कूटी से निकलने का प्रयास किया तो पांचों युवकों ने उन्हें घेर लिया और रास्ता रोक दिया। महिलाओं ने विभाग के उद्यान सहायक को फोन कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि युवकों ने उद्यान सहायक के साथ भी गाली-गलौज और अभद्रता की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों महिला पर्यवेक्षक और उद्यान सहायक किसी तरह वहां से निकले। बुधवार को कोतवाली पहुंचकर मामले की सूचना दी गई। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



