
हल्द्वानी(आरएनएस)। मुखानी थाना क्षेत्र के लोहरियासाल तल्ला में 13 दिन पहले एक झोपड़ी से 1.90 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर सोने के सभी जेवरात बरामद किए हैं, लेकिन चांदी का मात्र एक कड़ा और चोरी गई नकदी में से केवल 3060 रुपये ही बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस झोपड़ी में रहने वाली महिला हरप्यारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह पति गेंदालाल के साथ यहां रहती हैं। घरों में काम कर वह परिवार पालती हैं। पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी और पति की कमाई में से की गई बचत और रिश्तेदारों से कुछ रकम मांगकर 1.90 लाख रुपये प्लाट खरीदने के लिए इकट्ठा किए थे। यह रकम झोपड़ी में ही रखी थी। यहीं एक तोले का सोने का मंगलसूत्र, 20 तोला चांदी की पायलें, कमरबंद, कड़ा और खडुवा भी रखे थे। 11 अगस्त की दोपहर करीब 2:30 बजे वह काम पर गई थीं और उनके पति खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान झोपड़ी से यह नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 13 दिन बाद रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ऊंचापुल हरिनगर निवासी महेंद्र कश्यप, कुसुमखेड़ा निवासी चंचल सक्सेना और स्टील फैक्ट्री इलाके में रहने वाले राकेश आर्या के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। चोरी हुए पूरे सामान की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई मनोज अधिकारी, सिपाही धीरज सिंह सुगड़ा, किशन सिंह राणा और अभिनेश शामिल रहे।

