
हरिद्वार। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में जमीन नाम न करने पर बेटे, पोते और भतीजे ने मारपीट कर वृद्ध को घर से निकाल दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वृद्ध के बेटे, पोते और भतीजे समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता पलटू राम पुत्र गुरुदास निवासी गोविंदपुर वाजिदपुर ने शिकायत में बताया कि वह 80 वर्षीय बुजुर्ग हैं। उसका पुत्र और पुत्र के लड़के प्रतिदिन जमीन कब्जाने को लेकर गाली-गलौज, मारपीट करते हैं। मौजिज लोगों के घर बैठकर बच्चों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। आरोप लगाया कि संपत्ति को अपने नाम कराने के लिए उनको आए दिन मारपीट करते हैं। वृद्ध ने शिकायत में बताया कि बीती तीन मई को उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घर से भी निकाल दिया, खाना तक नहीं देते हैं। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि बुजुर्ग के बेटे राजकुमार और दीपक पुत्र राजकुमार, भतीजा किशनपाल पुत्र सुखराम और अरुण कुमार के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट कर घर से निकालने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

