
रुड़की। कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक कार और ₹1320 नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार शाम को सूचना मिली कि मिलिट्री अस्पताल के आगे खाली मैदान में कुछ लोग आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सीआईयू टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। इस दौरान मैदान में खड़ी एक कार को घेरकर तलाशी ली गई, जिसमें बैठे तीन लोग ऑनलाइन सट्टा लगाते पाए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

