
अल्मोड़ा। जनपद में साइबर अपराधों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला कोतवाली टीम ने इंटर कॉलेज चितई में छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट जानकी भंडारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद और पुलिस टीम ने हरिदत्त पेटसाली राजकीय इंटर कॉलेज चितई में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों जैसे फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, डिजिटल अरेस्टिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन गेमिंग से दूरी बनाए रखने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने नए आपराधिक कानूनों, मानव तस्करी की रोकथाम और सड़क सुरक्षा नियमों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

