
अल्मोड़ा। हिन्दू नव संवत्सर के आयोजन को लेकर हिंदू सेवा समिति की बैठक शनिवार को आयोजित की गई, जिसमें आगामी शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संरक्षक दीपक साह ने की, जबकि संचालन सचिव कमल साह ने किया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने नव संवत्सर के अवसर पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा को विशेष बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए और कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। निर्णय लिया गया कि नव संवत्सर के शुभारंभ पर 19 मार्च को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा में महिला सांस्कृतिक दल, छोलिया नृत्य, फूलों की होली और बच्चों के सांस्कृतिक दल विशेष रूप से शामिल होंगे, जिससे आयोजन को पारंपरिक और सांस्कृतिक स्वरूप दिया जाएगा। बैठक में कमल साह, नीरज बोरा, दीपक साह, भैरव गोस्वामी, सुशील साह, आशु गोस्वामी, मनोज वर्मा, कांची, व्योम धनिक, गगन जोशी, ललित खोलिया, अश्विन नेगी, प्रतेश पांडे, विनोद तिवारी, दीपक वर्मा, अवि वर्मा, विपुल कार्की, दिनेश पांडे, हर्ष तिवारी और हिमांशु जोशी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

