
हरिद्वार(आरएनएस)। ज्वालापुर के पांडेवाला स्थित प्राचीन सिद्धपीठ गोगा म्हाड़ी पर चल रहे गुघाल मेले में शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र छड़ी की पूजा-अर्चना कर गोगाजी महाराज का आशीर्वाद लिया। पंचायती धड़ा फिराहेडियान के तत्वावधान में आयोजित मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। मान्यता के अनुसार गुघाल मेले में त्रयोदशी तिथि पर पवित्र छड़ी की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु झंडा-निशान चढ़ाते हैं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, मेयर किरन जैसल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, गंगा सभा के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप झा, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीकांत वशिष्ठ, अविक्षित रमन और भाजपा नेता अंकुर पालीवाल समेत विभिन्न राजनीतिक दलों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि पहुंचे। सभी ने गोगाजी महाराज के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। मेले में महिलाओं और बच्चों ने इलेक्ट्रॉनिक झूलों का आनंद लिया। लोगों ने टिक्की, चाट, गोलगप्पे, आइसक्रीम और जलेबी का स्वाद लिया। महिलाओं ने गृह उपयोगी सामान, साज-सज्जा और सौंदर्य प्रसाधन की खरीदारी की। पंचायती धड़ा फिराहेडियान के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ, मेला संयोजक महेश तुम्बडिया, कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक, उपाध्यक्ष सुधीश श्रोत्रिय, उमेश कौशिक, अरुण श्रोत्रिय, मधुकांत श्रोत्रिय, चिराग वशिष्ठ, प्रदीप निगारे, रमाकांत मौलातिये, निर्मल गोस्वामी, रमाकांत जोशी और अनिरुद्ध वशिष्ठ ने अतिथियों का स्वागत किया।
