
बागेश्वर (आरएनएस)। धरमघर वन रेंज के अंतर्गत गणुवासिरमोली गांव में पंचायतघर के पास एक गुलदार मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव निवासी चंद्रशेखर जोशी ने पंचायतघर के पास गुलदार को अचेत अवस्था में देखा, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान नीमा धामी को दी, जिसके बाद वन विभाग को अवगत कराया गया। सूचना पर रेंजर दीप जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार की मौत हो चुकी थी।
वन विभाग की टीम शव को कब्जे में लेकर लीसा फैक्ट्री अन्नपूर्णा के पास पहुंची, जहां पशुपालन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम किया। रेंजर दीप जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गुलदार की मौत कमजोरी के कारण प्रतीत हो रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि मृत नर गुलदार की उम्र लगभग छह वर्ष और लंबाई करीब दो मीटर थी। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने शव का विधिवत निस्तारण करते हुए उसे जला दिया।

