
अल्मोड़ा। संभावित फायर सीजन को देखते हुए जनपद में अग्नि सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फायर विभाग द्वारा अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रघुनाथ सिटी मॉल में मॉक ड्रिल आयोजित कर कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में गुरुवार को प्रभारी फायर स्टेशन मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने मॉल परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान लीडिंग फायरमैन अजब सिंह ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक नियंत्रण के लिए फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का प्रदर्शन किया। साथ ही होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने की विधि भी समझाई गई। अभियान के तहत अग्निशमन टीम ने मॉल परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपात निकास मार्गों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कर्मचारियों को सभी उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखने और आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन सेवा को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

