

रुद्रपुर(आरएनएस)। पुरानी रंजिश के चलते फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर पर दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वार्ड नंबर-3 नानकमत्ता निवासी मान सिंह पुत्र स्व. श्याम सुन्दर सिंह ने बुधवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वीरेंद्र प्रसाद व उसका भाई रविंद्र प्रसाद पुत्र गुलाब चंद निवासी ग्राम चैतुआखेड़ा उससे और उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। आरोप है कि दोनों भाइयों ने फेसबुक पर ‘नो रोड नो वोट’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर उसमें मान सिंह और उसके भाई शिवनारायण की फोटो लगाई और अपमानजनक व अशोभनीय टिप्पणियां पोस्ट कीं। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। कोतवाल मंजू पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

