
नई दिल्ली। एक मार्च से आम लोगों से जुड़े कई नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर दैनिक जीवन और खर्चों पर पड़ेगा। इनमें रेलवे टिकट बुकिंग, यूपीआई लेनदेन, सिम उपयोग और ईंधन की कीमतों से जुड़े बदलाव शामिल हैं।
रेलवे से जुड़े नियमों में बदलाव के तहत अब यात्री यूटीएस मोबाइल ऐप के माध्यम से जनरल श्रेणी और प्लेटफॉर्म टिकट की ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर सकेंगे। इसके लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसके तहत निर्धारित वैकल्पिक माध्यम से ही टिकट बुकिंग संभव होगी।
डिजिटल लेनदेन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए यूपीआई प्रणाली में भी बदलाव किया जा रहा है। अब बड़े लेनदेन के लिए केवल यूपीआई पिन पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि इसके साथ बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर प्रमाणीकरण की आवश्यकता होगी। इससे ऑनलाइन धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।
साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सिम बाइंडिंग से जुड़ा नया नियम भी लागू किया जाएगा। इसके तहत व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे सिम से जुड़े रहेंगे। सिम निकालने की स्थिति में ये ऐप काम नहीं करेंगे, भले ही इंटरनेट वाई-फाई या हॉटस्पॉट के जरिए उपलब्ध हो।
इसके अलावा हर महीने की तरह इस बार भी एक मार्च को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और विमान ईंधन की कीमतों में संशोधन संभव है, जिससे घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है।

