
देहरादून(आरएनएस)। द्रौपदी का डांडा में पर्वतारोहरण के दौरान मारे गए पर्वतारोहियों के नाम पर माणा क्षेत्र की 11 अनाम चोटियों का नामकरण किया जाएगा। इन चोटियों के पर्वतारोहरण के लिए निम के पर्वतारोहियों का दल शनिवार को रवाना हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास से इन दल का फ्लैग ऑफ किया। निम का यह अभियान 15 अगस्त 2024 तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्वतारोहण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के साथ ही द्रौपदी का डांडा में पिछले साल हुए हादसे में मारे गए बहादुर पर्वतारोहियों के प्रति श्रद्धांजलि देना भी है। निम के अधिकारियों ने इस दौरान बताया कि माणा क्षेत्र के 11 अनाम व अनारोहित पर्वत शिखरों का आरोहण किया जाएगा। जिनमें पांच पर्वत शिखर 6000 मी से ऊंचे हैं तथा छह पर्वत शिखर 5500 मी से अधिक ऊंचे हैं। अभियान का नेतृत्व निम के प्रधानाचार्य कर्नल अंशुमान भदौरिया करेंगे। इसमें उप प्रधानाचार्य कैप्टन संतोष कुमार, प्रशिक्षक और पर्वतारोही राकेश राणा, दीप साही, विनोद गुसाई, सौरभ सिंह, अनूप पंवार, रविंद्र रावत, सुबेदार मेजर हजारी लाल, नायब सुबेदार भूपेंद्र सिंह, नायब सूबेदार बहादुर पाहन, नायब सुबेदार रवींद्र सिंह, हवलदार थजाली पून, नायक मनोज कुमार, सहायक प्रशिक्षक अजीत रावत, नवप्रभात, हिमांशु जोशी, पंकज पंवार, मुनेन्द्र राणा और सूर्य रावत शामिल रहेंगे।

