
देहरादून(आरएनएस)। परेड ग्राउंड में निर्मित ऑटोमेटेड पार्किंग जनमानस को समर्पित होने से शहर को जाम से राहत मिलेगी । परेड ग्राउंड में 111 वाहन क्षमता वाली ऑटोमेटेड पार्किंग का विधिवत लोकार्पण कर दिया गया है। यह आधुनिक पार्किंग सुविधा लगभग 472.23 लाख की लागत से निर्मित की गई है। जल्द ही आधुनिक ईवी मिनी बस शटल सेवा प्रारंभ की जाएगी। डीएम सविन बंसल द्वारा शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने एवं नागरिकों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना तैयार की गई। प्रशासन ने शहर के विभिन्न स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से ऑटोमेटेड पार्किंग का निर्माण कराया है। जिससे शहरी यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाया जा सके। योजना के अंतर्गत शहर में कुल तीन प्रमुख ऑटोमेटेड पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जिनमें परेड ग्राउंड (111 वाहन क्षमता), तिब्बती मार्केट (132 वाहन क्षमता), कोरोनेशन (18 वाहन क्षमता) शामिल हैं। डीएम बंसल ने बताया कि इन पार्किंग सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं नागरिक हितैषी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा अभिनव पहल की गई है। शहर में फ्री सखी कैब सेवा संचालित की जा रही है। इस सेवा के अंतर्गत जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, देहरादून को नई ईवी वाहन (टाटा पंच) उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले वाहन स्वामियों को नजदीकी व्यस्त एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक निःशुल्क आवागमन की सुविधा प्रदान की जा रही है। शहर में सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जल्द ही आधुनिक ईवी मिनी बस शटल सेवा प्रारंभ की जाएगी। यह सेवा पार्किंग स्थलों से प्रमुख गंतव्यों तक आवागमन को आसान बनाएगी। डीएम ने बताया कि इस योजना से शहर को जाम से काफी हद तक राहत मिली है।

