
हरिद्वार(आरएनएस)। सरकारी अस्पतालों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों के तबादले के विरोध में महानगर कांग्रेस ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने तबादला आदेशों की समीक्षा कर उन्हें निरस्त करने और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने की मांग उठाई। सरकारी अस्पतालों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों के स्थानांतरण के विरोध में बुधवार को महानगर कांग्रेस ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि हरिद्वार में स्थानीय लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों पर निर्भर रहते हैं।ऐसे में डॉक्टरों के बड़े पैमाने पर हुए तबादलों से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी और मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल सकेगा। पूर्व विधायक रामयश सिंह और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि प्रदेश में जारी तीन सौ से अधिक चिकित्सकों की जंबो स्थानांतरण सूची का सबसे अधिक असर हरिद्वार पर पड़ा है। पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान और कैलाश भट्ट ने जिला अस्पताल में एसएनसीयू संचालित नहीं होने तथा गंभीर नवजातों को रेफर किए जाने का मुद्दा उठाया। महिला कांग्रेस नेताओं ने जिला महिला चिकित्सालय में 24 घंटे मेडिकल इमरजेंसी सेवा शुरू करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कांवड़ मेला और आगामी कुंभ को देखते हुए अतिरिक्त चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, वरिष्ठ नेता जगत सिंह रावत, पार्षद हिमांशु गुप्ता, विवेक भूषण विक्की, पार्षद प्रतिनिधि ऋषभ वशिष्ठ, उज्जवल वालिया, मार्कण्डेय सिंह, सीपी सिंह, सत्यपाल शास्त्री, धनीराम शर्मा, महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेश छाछर, शुभम जोशी, वार्ड अध्यक्ष नंदन कुमार, मनीष गुप्ता, मोहित गर्ग, आशीष प्रधान, शादाब खान, सन्नी सेतिया, अज्जू खान, नदीम खान, सोनू, संदीप कुमार, अरविंद, मोहसिन, जितेन्द्र चौधरी, एडवोकेट अशोक शर्मा, सतीश दुबे, दाताराम चौहान, मुकुल चौहान, शिवा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
