

बागेश्वर(आरएनएस)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में ब्लॉक स्तर पर शीर्ष 10 में स्थान बनाने वाली होनहार छात्राओं के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कॉफी विद डीएम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, कार्यक्रम में डीएम आकांक्षा कोंडे ने छात्राओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। मंगलवार को डीएम कोंडे ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उनके करियर को लेकर भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना रखना आवश्यक है। उन्होनें कहा कि जिस भी क्षेत्र में रुचि हो, उसकी तैयारी अभी से शुरू करें और देश के श्रेष्ठ संस्थानों का चयन कर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें। उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के आवेदनों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान डीमए ने आश्वासन दिया कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के में कई महत्वपूर्ण प्रावधान हैं, जिनका लाभ लेकर वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं। सीडीओ आरसी तिवारी ने भी छात्राओं को ऑनलाइन संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और समय का सदुपयोग कर भविष्य सुदृढ़ बनाने की सीख दी।इस मौके पर सीईओ विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजुलता यादव आदि मौजूद रहे।

