
अल्मोड़ा। वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2025-26 के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अल्मोड़ा में जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बाल केंद्रित शिक्षण सामग्री पर आधारित पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला 09 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित हो रही है, जिसमें उन विद्यालयों के 40 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं जहां आंगनवाड़ी केंद्र संचालित नहीं हैं। कार्यशाला के द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रार्थना सभा और पिछले दिन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को सात समूहों में विभाजित कर स्थानीय या पारंपरिक खिलौनों और खेलों पर आधारित बाल केंद्रित शिक्षण सामग्री तैयार कराई गई। प्रतिभागियों ने तैयार की गई सामग्री का समूहवार प्रस्तुतीकरण भी किया। भोजनावकाश के बाद संदर्भदाता डॉ. कामाक्षा मिश्रा ने प्रतिभागियों को मुखौटों के माध्यम से कहानी प्रस्तुतीकरण की विधि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर अधिगम के लिए मुखौटों का निर्माण कराने और उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई। कार्यशाला का संचालन कार्यशाला समन्वयक रमेश सिंह रावत, जिला संसाधन एकक डायट अल्मोड़ा द्वारा किया गया, जबकि अध्यक्षता डायट प्राचार्य ललित मोहन पांडे ने की। कार्यशाला में रजत बिष्ट, घनश्याम तिवारी, वैभव तिवारी, माया रौतेला, जगदीश चंद्र, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, धीरज सिंह भाकुनी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

