
देहरादून। रायपुर पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।रायपुर थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि 15 अक्तूबर 20 को वादी अधिवक्ता विजय भूषण पांडेय निवासी चैंबर नंबर तैंतीस कोर्ट कम्पाउंड ने कोर्ट के आदेश के तहत राजीव आहूजा पुत्र स्व. ओमप्रकाश आहूजा निवासी एफ 103 फ्लोरिडा सोसाईटी सेक्टर 82 फरीदाबाद हरियाणा व उनकी पत्नी ऋतु आहूजा पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। दंपति पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से मकान बनाने के लिए ऋण लेने और बैंक के साथ धोखाधड़ी कर ऋणशुदा मकान को बेचने के आरोप लगे थे। इस मामले में में दंपति लगातार फरार चल रहे थे। कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया था।20 जनवरी को दंपति के फरीदाबाद में होने की सूचना मिली, जिस पर चौकी प्रभारी बालावाला जगमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। दोनों को पुलिस टीम ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। दोनों को दून लाकर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

