
अल्मोड़ा। जिला न्यायालय अल्मोड़ा की आधिकारिक ई-मेल आईडी के स्पैम सेक्शन में एक अज्ञात स्रोत से धमकी भरा मेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को अल्मोड़ा पुलिस ने न्यायालय परिसर में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद पुलिस, अभिसूचना इकाई और एसडीआरएफ की टीमों ने न्यायालय परिसर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। प्रवेश द्वारों पर आने-जाने वाले लोगों की जांच और संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी ली गई, जबकि परिसर के आसपास वाहन चेकिंग, पैदल गश्त और पिकेट ड्यूटी भी बढ़ा दी गई है। पुलिस टीमों ने न्यायालय भवन के कोर्ट कक्षों, अभिलेख कक्ष, पार्किंग क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों की भी बारीकी से जांच की। साथ ही न्यायालय परिसर में अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों की प्रभावी निगरानी भी सुनिश्चित की गई है। पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल को भी सतर्क रखा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि न्यायालय परिसर की शांति और गरिमा भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी अराजक तत्व के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

