
24 घंटों में 29,689 नए मामले, 415 मरीजों की मौत
नई दिल्ली, 27 जुलाई (आरएनएस)। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव में बीच पिछले चार महीने बाद ऐसा मौका आया है, जब एक दिन में तीस हजार से कम संक्रमण के मामले सामने आए हैं। यानि पिछले 24 घंटे में कोरोना के मामलों में भारी गिरावट के बाद 29,689 नए मामले दर्ज किये गये, जबकि संक्रमण की वजह से 415 मरीजों ने इस दौरान अपनी जान गंवाई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इससे पहले मार्च 2021 में कोरोना के नए मामले तीस हजार से कम आए थे, जिसके बाद लगातार बढ़ते गये और दूसरी लहर में यह आंकड़ा चार लाख से अधिक दैनिक मामले पहुंच गये थे। पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कुल 29,689 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 415 लोगों की मौत हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में 42,363 लोग कोरोना संक्रमण को मात देकर ठीक भी हुए हैं। इस प्रकार देश में रिकवरी रेट 97.39 प्रतिशत पर पहुंचा गया है यानि अब तक देश में 3,06,21,469 मरीज ठीक हुए हैं। इस वक्त देश में 3,98,100 मरीज कोरोना से संक्रमित हैं, जबकि कुल मौत का आंकड़ा 4,21,382 पहुंच चुका है। । देश की कोरोना से मृत्यु दर 1.34 फीसदी है। आंकड़ों के मुताबिक भारत में कुल 3,14,40,951 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं।
इन पांच राज्यों में जारी कोरोना का कहर
देश में जहां कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ देश के पांच राज्यों केरल, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले देखने को मिल रहे हैं। चिंताजनक पहलू ये है कि इन राज्यों में टेस्टिंग और वैक्सीनेशन में भी कमी देखी गई है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु अन्य चार राज्य हैं जहां इसी दौरान औसत दैनिक मामलों की संख्या सबसे अधिक है। ओडिशा में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। वहीं आंध्र प्रदेश में टेस्टिंग में 12 प्रतिशत कमी हुई है, केरल में 1.6 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 6.6 प्रतिशत और तमिलनाडु में 2.9 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है। इसी प्रकार इनमें से तीन राज्यों में सबसे ज्यादा मामलों वाले टीकाकरण की गति में भी गिरावट आई है। पिछले एक सप्ताह में आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में औसत दैनिक टीकाकरण में 35 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है, जबकि तमिलनाडु में यह 14 प्रतिशत कम हुआ है।

