

देहरादून। राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में मुख्य सचिव आनंद वर्धन से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। कांग्रेस ने अपराध होने पर चौकी, थाना, सर्कल और जिला स्तर पर संबंधित पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
धस्माना ने कहा कि वर्ष की शुरुआत से ही देहरादून में कई गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने परेड ग्राउंड के पास युवक की हत्या, राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में युवक की हत्या, जोहड़ी गांव में गैंगवार के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत, पल्टन बाजार में युवती की हत्या, भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट और मंगलवार को रायपुर क्षेत्र के विष्णु लोक में हुए तिहरे हत्याकांड का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही घटनाओं से राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने विशेष रूप से अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए हर थाना क्षेत्र में रहने वाले सीनियर सिटीजंस की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्यों के अपराधी भी कमजोर पुलिसिंग का फायदा उठाकर देहरादून में शरण ले रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने शाम को पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। धस्माना ने पुलिस तंत्र को दुरुस्त कर राजधानी में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि वह मामले को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ स्वयं मॉनिटर करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल, पूर्व प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित खन्ना शामिल रहे।



