
सभी कार्यों को तय समय में पूर्ण करने के निर्देश, गुणवत्ता पर विशेष जोर
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश
हरिद्वार(आरएनएस)। कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा विभागीय समन्वय को सुदृढ़ बनाते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों एवं बैरागी कैम्प घाट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए घाटों का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाए। बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस बार ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने पर विशेष बल दिया गया, जिन पर हरित पट्टियां और फूल-पौधे सजाए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मोटर मार्ग पर पथरी रौ नदी पर बन रहे 60 मीटर लंबे पुल, बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण, तथा धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर 90 मीटर स्पान पुल के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल से पूर्व नदी तल के कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि जलस्तर बढ़ने से निर्माण प्रभावित न हो।
हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना और दिल्ली राजमार्ग पर फ्लाईओवर कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बैरागी कैम्प में 1500 किलोलिटर क्षमता के ओवरहेड टैंक सहित जलापूर्ति कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला–2027 अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आएंगे। इसलिए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समान प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मेला नियंत्रण भवन में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था में नवीनतम आईटी अनुप्रयोगों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


