
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने प्रदेश में मीडिया और संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पांच नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी का उद्देश्य चुनावी मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने और संगठन की गतिविधियों को मीडिया में मजबूती से प्रस्तुत करना है।
एआईसीसी की ओर से 18 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार पंखुड़ी पाठक को उत्तराखंड का नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। वहीं प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को मीडिया एवं संचार समन्वयक बनाया गया है।
पार्टी के निर्देशानुसार सभी नियुक्त पदाधिकारी उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ समन्वय स्थापित कर मीडिया और संचार संबंधी गतिविधियों का संचालन करेंगे। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति में मीडिया प्रबंधन को विशेष प्राथमिकता दी है।
कांग्रेस के सामने 2027 के चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और विभिन्न जनसरोकारों के मुद्दों पर सरकार को घेरने की चुनौती है। बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों को लेकर पार्टी अपनी बात अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नई मीडिया टीम प्रदेश संगठन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। चुनावी वर्ष से पहले की गई यह नियुक्तियां कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही हैं।

