

रुद्रपुर(आरएनएस)। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी ने व्यापारियों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने इस वृद्धि को व्यापारियों के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर छोटे और मध्यम वर्गीय कारोबारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट और चाट-टिक्की जैसे छोटे व्यवसाय इस बढ़ोतरी से गंभीर संकट में आ सकते हैं और कई कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच सकते हैं। पहले से बढ़ती महंगाई और घटती आमदनी के बीच व्यापारियों के लिए खर्च निकालना मुश्किल हो रहा था, ऐसे में गैस की कीमतों में यह भारी वृद्धि स्थिति को और अधिक चिंताजनक बना रही है। जुनेजा ने चेतावनी दी कि इसका प्रभाव केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खाद्य पदार्थों के दामों में वृद्धि के रूप में आम जनता की जेब पर भी सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ग को अब खाने-पीने की चीजों के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। इसके अलावा 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि इससे निम्न वर्ग और नौकरीपेशा लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी को तत्काल वापस लिया जाए, अन्यथा व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

