
रुद्रपुर(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष दस हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में भर्ती का अवसर देगी। उन्होंने बताया कि अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है और रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। शनिवार को गांधी फुटबॉल मैदान लोहियाहेड खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सहयोग से बने नवनिर्मित ओपन जिम का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों से मन, मस्तिष्क और शरीर स्वस्थ रहता है तथा अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि आज खेलों में करियर की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अब खेल भूमि के रूप में भी पहचान बना रही है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय लोहियाहेड और हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जाधारी फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, महामंत्री रमेश जोशी, नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल रुचि अग्रवाल, डॉ. विवेक अग्रवाल, वरुण अग्रवाल, शिप्रा अग्रवाल, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम तुषार सैनी आदि रहे।

