
रुद्रपुर(आरएनएस)। पुलिस ने चोरी की 16 बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को गदरपुर थाने में मामले का खुलासा किया। बताया कि पुलिस ने एक बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। थानाध्यक्ष जसवीर चौहान के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस टीम ने सात अगस्त को लंगड़ा भोज दिनेशपुर मोड़ के पास से दीपक उर्फ सबी पुत्र दर्शन सिंह निवासी ग्राम रामपुर कुंडेश्वरी थाना काशीपुर हाल निवासी कुलवंत नगर को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने यह मोटरसाइकिल चोरी की बताई। पुलिस दीपक को मोटरसाइकिल सहित थाने में ले आई। जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने 15 मोटरसाइकिल अन्य चोरी की बताईं। उसकी निशानदेही पर चीनी मिल के जंगल व झाड़ियां एवं पेड़ की आड़ में छिपाई गई 14 मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद की। आरोपी ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल गदरपुर में बाजार तेजा फौजा सूरजपुर से चोरी की थी। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जसवीर चौहान, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, अपर उप निरीक्षक चंदन प्रकाश, जयप्रकाश, सूरज अधिकारी शामिल रहे। एसएसपी ने बताया कि उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा को मंथ ऑफ द ईयर से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा टीम को 2000 रुपये इनाम देने की घोषणा की गई।

