
रुडकी। घर में घुसकर चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को परिजनों ने पकड़ लिया तो आरोपी ने तमंचा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर जब पड़ोस के लोग मौके पर आ गए तो उन्होंने आरोपी को किसी प्रकार अपने कब्जे में कर लिया। तमंचे सहित पुलिस को सौंप दिया। पीडि़त पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। ग्राम मुंडलाना निवासी राजकुमार पुत्र नानक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार की रात करीब डेढ़ बजे उनके घर में एक युवक घुस आया और उसके बेटे की चारपाई पर रखे मोबाइल को चुराने लगा। बेटे की आंख खुली तो उसने शोर मचा दिया। इसी दौरान अन्य परिजन भी जाग गए तो आरोपी ने तमंचा निकालकर परिजनों पर तान दिया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान शोर सुनकर पड़ोस के लोग आ गए जिन्होंने आरोपी को अपने कब्जे में कर लिया तथा उसकी जमकर धुनाई भी कर दी तमंचा भी आरोपी से छीन लिया। साथ ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीडि़त पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी बबलू पुत्र कुरड़ी निवासी ग्राम सिकंदरपुर मवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

