
रुद्रपुर। चैती मेले में पकोड़ी का ठेला लगाने वाली एक महिला ने महिला बाउंसरों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धरमपुरा थाना टांडा, जिला रामपुर निवासी सुषमा ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मेले में ठेला लगाती है। आरोप है कि 2 अप्रैल की शाम करीब साढ़े छह बजे वह सामान समेट रही थी, तभी झूले पर तैनात एक महिला बाउंसर वहां पहुंची और उसके साथ अभद्रता करने लगी।
महिला का आरोप है कि बाउंसर ने अन्य महिला बाउंसरों को भी बुला लिया, जिन्होंने उसके बाल पकड़कर मारपीट की। साथ ही उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

