
रुद्रपुर(आरएनएस)। राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस पर शुक्रवार को शक्तिफार्म में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मत्स्य पालकों से संवाद किया। उन्होंने आठ मत्स्य पालकों को अनुदान के चेक वितरित किए और मत्स्य पालन को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए आईएचएमएस पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। कैबिनेट मंत्री ने मत्स्य पालकों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और ग्रामीणों से स्वरोजगार के अवसरों का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से लोगों को आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मत्स्य पालन क्षेत्र में सरकार 60 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है, जिससे ग्रामीण युवा और महिलाएं भी इस व्यवसाय से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। बहुगुणा ने कहा कि पहली बार उत्तराखंड के मत्स्य क्षेत्र ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम रखते हुए नया इतिहास रचा है। पिथौरागढ़ की तीन मत्स्य सहकारी समितियों ने पांच मीट्रिक टन मछली का निर्यात किया, जिससे 33 मत्स्य पालकों को करीब 23.50 लाख रुपये का आर्थिक लाभ मिला। सरकार अब 30 मीट्रिक टन मछली के निर्यात की तैयारी कर रही है। इससे मत्स्य पालकों की आय बढ़ेगी, निर्यात के नए अवसर खुलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के साथ मत्स्य, भेड़, पशु और दुग्ध उत्पादों की खरीद के लिए हुए करार का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है। बीते डेढ़ वर्ष में आईटीबीपी ने करीब 11 करोड़ रुपये के उत्पाद खरीदे हैं। मंत्री ने बताया कि सितारगंज में राज्य के पहले एक्वापार्क और थोक बाजार का निर्माण जल्द पूरा होगा। वहां प्रोसेसिंग यूनिट शुरू होने के बाद मत्स्य उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में मछली उत्पादन की वृद्धि दर दो प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत हो गई है। वर्ष 2022 में मत्स्य विभाग का बजट 55 करोड़ रुपये था, जो 2026 में बढ़कर 278 करोड़ रुपये हो गया है। यहां दर्जाधारी उत्तम दत्ता व सीमा चौहान, निदशेक चंद्र सिंह धर्मसत्तू, उप निदेशक अनिल कुमार व पीके शुक्ला, सहायक निदेशक संजय कुमार छिम्वाल, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, दुग्घ संघ अध्यक्षा प्रभा रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मण्डल, योगेंद्र सिंह रावत, अमरजीत कटवाल, गुरजीत सिंह, गोविंद तालुकदार, संजय बाछाड़, केपी मण्डल, कार्तिक राय, शिखा हाल्दार, राजेंद्र डसीला, मयंक अग्रवाल मौजूद रहे।
