
बायोमैट्रिक राशन वितरण का दबाव बनाया तो देंगे सामूहिक इस्तीफा
विकासनगर। जौनसार बावर क्षेत्र मे सात राशन गोदाम के राशन विक्रेताओं ने बायोमैट्रिक राशन वितरण को लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज की है। कहा कि जौनसार बावर की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में संचार नेटवर्क और बिजली की समस्या के कारण बायोमैट्रिक राशन वितरण करना असंभव है। विकासनगर त्रिशला जैन धर्मशाला में जौनसार बावर के सात खत राशन विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें डीलरों ने आरोप लगाया कि सरकार और विभाग द्वारा राशन डीलरों पर बार-बार बायोमैट्रिक प्रणाली से राशन विवरण का दबाव बनाया जा रहा है। राशन विक्रेताओं ने कहा की जौनसार बावर मे नेटवर्क व बिजली आपूर्ति की काफी समस्या है। जिससे हर दिन कनेक्टिविटी की समस्या बनी रहती है। जहां पर राशन की दुकानें हैं, वहां पर विद्युत आपूर्ति ठप रहती है। तब ऐसे में नेटवर्क की समस्या कैसे हल हो सकती है। कहा कि सरकार व विभाग से हमें समय समय से राशन ढुलान का भाड़ा भी नहीं मिल रहा है। कहा कि दो साल से दाल का भाड़ा भी नहीं मिला है। डीलरों ने कहा की राशन बायोमैट्रिक करने मे काफी समस्या है। कहा कि यदि सरकार व विभाग राशन डीलरों को बायोमैट्रिक प्रणाली से राशन वितरण करने का दबाव बनाती है तो सभी जौनसार बावर क्षेत्र के राशन विक्रेता सामूहिक इस्तीफा देने को तैयार है। बैठक में जौनसार बावर जनजातीय सरकारी सस्ता गल्ला एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, सुरेन्द्र सिंह तोमर, भागी राम, गुलाब सिंह नेगी, महेन्द्र सिंह, श्याम सिंह राठौर, गीता सिंह चौहान, अमर सिंह, जनक सिंह, महिपाल सिंह, राजेश शर्मा, राम सिंह, नन्दा राम नौटियाल, ज्ञान सिंह, सूरत सिंह चौहान, आन्दन शर्मा, चतर सिंह, शान्ति पंवार आदि शामिल रहे।


