
रुद्रपुर(आरएनएस)। बनबसा-चकरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात जगबुड़ा पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा कार के बोनट में धंस गया और बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के अनुसार, खटीमा के वार्ड 13 निवासी 28 वर्षीय नावेद खान पुत्र बाबू खान और 26 वर्षीय नमन सक्सेना पुत्र सुरेंद्र सक्सेना बुधवार रात करीब नौ बजे बाइक से बनबसा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर खटीमा से टनकपुर की ओर जा रही एक कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस और चकरपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. आकांक्षा ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार चालक और स्वामी को हिरासत में लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। नमन तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी 15 फरवरी को ही शादी हुई थी। वह सब्जी मंडी में अपने पिता के बर्तन की दुकान पर हाथ बंटाता था और सब्जी का फड़ भी लगाता था। वहीं नावेद का डेढ वर्ष पहले निकाह हुआ था। वह रेडिमेड कपड़ों का फड़ लगाता था।

